ओडिशा : ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां 23 साल की युवती के साथ एक ही दिन में दो अलग-अलग जगहों पर दरिंदगी हुई और अंत में उसे चार मंजिला इमारत से फेंककर मार डाला गया। पुलिस के मुताबिक 22 फरवरी को युवती अपने प्रेमी के साथ भागने की योजना बनाकर घर से निकली थी। आरोपी ने शादी का वादा कर उसे मंदिर बुलाया, लेकिन बाद में सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ बलात्कार किया और रहमा बस स्टैंड पर छोड़ दिया।
वहीं इंतजार कर रही पीड़िता को झारखंड का एक अन्य व्यक्ति मिला, जिसने मदद की पेशकश की और उसे पारादीप ले गया। आरोप है कि उसने अपने किराए के मकान की छत पर युवती के साथ फिर दुष्कर्म किया और बाद में सबूत मिटाने के लिए उसे इमारत से नीचे फेंक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अगली सुबह युवती का शव बरामद हुआ। मृतका के भाई ने 25 फरवरी को पारादीप मॉडल थाना में शिकायत दर्ज कराई, जबकि 22 फरवरी की शाम को घर नहीं लौटने पर टिरटोल थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
जगतसिंहपुर के एसपी अंकित कुमार वर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपहरण, बलात्कार और हत्या का मामला दर्ज किया गया है। इस जघन्य घटना पर विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने कड़ी निंदा करते हुए राज्य में कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की।




















