कोरबा/बालको : भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर थाना बालको द्वारा शुक्रवार को ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सिविक सेंटर से हुआ, जहां से रैली को वार्ड पार्षद कृपाराम साहू और नगर पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह रैली बालको थाना परिसर तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड सदस्य शामिल हुए।

रैली के बाद थाना परिसर में वृक्षारोपण किया गया और उपस्थित लोगों को देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। साथ ही साइबर क्राइम के प्रति जागरूकता कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जनप्रतिनिधि वार्ड पार्षद और नगर पुलिस अधीक्षक भूषण एका थाना प्रभारी सहित अन्य स्टाफ की उपस्थिति रही। सभी ने लौह पुरुष के योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।






















