बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से मारपीट का एक मामला सामने आया है, जिसमें पुलिस महानिदेशक (डीजी) पवन देव के बेटे तेजस्व देव के साथ कथित रूप से मारपीट की गई। जानकारी के अनुसार यह घटना शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र में हुई। बताया जा रहा है कि एक कार सवार युवक लापरवाही से वाहन चला रहा था। इसी दौरान तेजस्व देव ने उसे सावधानी से गाड़ी चलाने की समझाइश दी। लेकिन समझाने की बात सुनकर कार चला रहा युवक भड़क गया और दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते यह विवाद बढ़ गया और आरोपी युवक ने तेजस्व देव के साथ मारपीट कर दी।
आरोपी को कार चलाने से रोका तो हुई मारपीट
मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी युवक की पहचान Sagar Jaiswal के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जब तेजस्व देव ने उसे लापरवाही से कार चलाने से रोका और समझाने की कोशिश की, तो वह गुस्से में आ गया। इसके बाद उसने बहस करते हुए हाथापाई शुरू कर दी। इस घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया और मामले की सूचना पुलिस को दी गई। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया था।
आरोपी के खिलाफ केस दर्ज
मारपीट मामले में सरकंडा पुलिस स्टेशन में आरोपी सागर जायसवाल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि विवाद किस परिस्थिति में बढ़ा और मारपीट की घटना कैसे हुई।






















