अंबिकापुर : उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण रायपुर के तत्वावधान में राज्यव्यापी महापरीक्षा अभियान का आयोजन रविवार को प्रातः 10 बजे से शाम पांच बजे तक किया गया। जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण द्वारा आयोजित परीक्षा में नवसाक्षरों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। महापरीक्षा में 24,414 परीक्षार्थी का लक्ष्य रखा गया था, जिसमें शाम चार बजे तक 16,258 शिक्षार्थी सम्मिलित हुए।
उत्सव जैसा माहौल और पारिवारिक भागीदारी
परीक्षा के सफलतापूर्वक संपादन के लिए जिला स्तरीय प्रभारी, ब्लॉक स्तरीय मॉनिटरिंग दल के साथ-साथ ग्राम पंचायत स्तर से भी मॉनिटरिंग की गई। कई केंद्रों में एक ही परिवार से सास-बहू, पति-पत्नि एवं देवरानी-जेठानी ने मिलकर परीक्षा दी। महापरीक्षा अभियान में 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं ने भी पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। साथ ही कई केंद्रों में छोटे बच्चों के साथ महिलाएं परीक्षा देने पहुंचीं। महापरीक्षा को लेकर सभी शिक्षार्थी काफी उत्साहित रहे। गांव में महापरीक्षा एक उत्सव की तरह दिखाई दे रहा था।
केंद्रीय जेल में कैदियों ने भी दी परीक्षा
वरिष्ठ परिवीक्षा एवं कल्याण अधिकारी वाणी मुखर्जी ने बताया कि केंद्रीय जेल अंबिकापुर में भी परीक्षा केंद्र स्थापित किया गया था। जिसमें 219 नवसाक्षर कैदी को इस महापरीक्षा अभियान में सम्मिलित कराया गया। जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार झा, अपर कलेक्टर अमृतलाल ध्रुव, सहायक संचालक संभागीय शिक्षा कार्यालय अनिल अग्रवाल, जिला परियोजना अधिकारी जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण सरगुजा गिरीश गुप्ता, एम. सिद्दीकी निदेशक जन शिक्षण संस्थान सरगुजा ने केंद्रीय जेल का निरीक्षण किया।






















