रायपुर : राजधानी रायपुर के डीडी नगर स्थित आवासीय सोसायटी में सातवीं मंजिल से लिफ्ट गिर गयी। घटना का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें देखा जा सकता है कि दो महिलाएं लिफ्ट से उपर की ओर आने के बाद उसका शटर खोल रही थी। तभी लिफ्ट नीचे की आरे जाने लगा और एकाएक पूरा लिफ्ट धराशायी हो गया। इस घटना के बाद जहां आवासीय सोसायटी में लिफ्ट मेंटनेंस पर सवाल खड़ा हो गया है। वहीं पुलिस ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक ये मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र का है। ये घटना 24 नवंबर की बतायी जा रही है, जब इंद्रप्रस्थ कॉलोनी फेस-2 में लिफ्ट गिरने का बड़ा हादसा हुआ। यहां जी ब्लॉक की लिफ्ट अचानक सातवीं मंजिल पर उपर आने के दौरान एकाएक नीचे गिर गई। वायरल वीडियों में देखा जा सकता है कि घटना के वक्त 2 महिलाएं लिफ्ट का दरवाज़ा खोलकर बाहर निकलने का प्रयास कर रही थी। महिलांए लिफ्ट का पहला शटर खोली ही थी, तभी लिफ्ट एकाएक नीचे की तरफ जाने लगा और कुछ ही सेकेंड मेें लिफ्ट तेजी के साथ नीचे जा गिरा।
घटना की जानकारी के बाद सोसायटी में हड़कंप मच गया। उधर पुलिस और सोसाइटी प्रबंधन इस मामले की जांच कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने लिफ्ट मेंटेनेंस, उसकी सुरक्षा व्यवस्था और बिल्डिंग प्रबंधन की लापरवाही पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि लिफ्ट की सर्विसिंग लंबे समय से ठीक ढंग से नहीं हो रही थी। जिससे यह हादसा सामने आया। उधर पुलिस का कहना है कि घटना की जानकारी उन्हें मीडिया और सोशल मीडिया के जरिए मिली है। अब तक किसी भी निवासी या पीड़ित की ओर से आधिकारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। वीडियो के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।






















