बेमेतरा : दीपावली के मौके पर पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए 350 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस की टीम ने 200 बाइक और करीब 2 लाख रुपए नगदी भी जब्त की है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने एक निजी फार्म हाउस में दबिश दी थी और इस दौरान यहां लोग बेगम-बादशाह पर दांव लगाते मिले हैं।
फिलहाल पुलिस ने सभी जुआरियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है। मिली जानकारी के अनुसार दिवाली से पहले ही पुलिस को सूचना मिल चुकी थी कि रायपुर से करीब 70 किलो मीटर दूर एक फार्म हाउस पर दिवाली की रात में बड़ी संख्या में जुआरियों का जमवाड़ा लगने वाला है। सूचना के आधार पर नवागढ़ पुलिस ने पहले ही एक टीम तैयार करके रखी थी और देर रात फार्म हाउस पर दबिश दी।
वहीं, दिवाली की रात करीब 3 बजे पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस की मानें तो कार्रवाई के दौरान 200 से अधिक मोटरसाइकिलें जब्त कीं और दो सौ से भी ज्यादा मोबाइल और करीब 2 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं। उन्होंने आगे बताया कि जुआ जहां खेला जा रहा था वो विनोद साहू का फार्म हाउस है। फिलहाल मामले में नवागढ़ पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।






















