मुरादाबाद : उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में रविवार को एक भयानक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। दिल्ली–लखनऊ हाईवे पर कटघर थाना क्षेत्र के रफतपुर अंडरपास से आगे मुंडापांडे ज़ीरो प्वाइंट के पास एक बेकाबू रोडवेज बस ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे परिवार के 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
UP Accident : हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुँचाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम को नियंत्रित किया और क्षतिग्रस्त वाहन हटाकर यातायात बहाल कराया। हादसे में ऑटो चालक माटी उर्फ संजू (कुंदरकी, अब्दुल्लापुर निवासी) और उनके पूरे परिवार की जान चली गई। संजू अपने परिवार के साथ रफतपुर कटघर में एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने जा रहे थे।
दुर्घटना इतनी भयानक थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और सवारियां उसमें फंस गईं। यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के लिए दिल दहला देने वाला था। घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद नियंत्रित किया। पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे की वजह तेज रफ्तार और बस चालक की लापरवाही बताई जा रही है। यह हादसा एक साधारण यात्रा को जीवन भर के लिए बदलने वाला दर्दनाक मंजर बन गया।






















