अहमदाबाद : गुजरात के अहमदाबाद से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी पर एसिड अटैक कर दिया। मर्दानगी की बात को लेकर हुए विवाद के बाद पति ने इस वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने आरोपी पति जतीन पटेल को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता एक कार शोरूम में काम करती है और उसने कुछ समय पहले निकोल निवासी जतीन पटेल से लव मैरिज की थी।
हालांकि, शादी के बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगे, जिसके चलते महिला अपनी मां के घर रहने लगी थी। घटना की रात महिला नौकरी से घर लौट रही थी। इसी दौरान एक सोसायटी के पास मोटरसाइकिल सवार, हेलमेट पहने व्यक्ति ने उस पर एसिड फेंक दिया। महिला ने दुपट्टा ओढ़ रखा था, जिससे वह गंभीर रूप से झुलसने से बच गई, लेकिन उसके होंठ और आंखें प्रभावित हुईं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, जिसका फायदा उठाकर आरोपी फरार हो गया।
बदले की भावना में रची साजिश
अहमदाबाद क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर दीपक ढोला के मुताबिक, पूछताछ में पता चला कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और दोनों करीब छह महीने से अलग रह रहे थे। महिला द्वारा पति की मर्दानगी पर सवाल उठाने से जतीन आहत था। इसी वजह से उसने बदले की भावना से पत्नी पर एसिड अटैक की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया। आरोपी जतीन कार्गो सर्विस में ड्राइवर की नौकरी करता है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।






















