Raipur

CG News : शादी – बर्थडे में मेहमानों पर होगी अब निगम की निगरानी, 100 से अधिक मेहमानों की जानकारी नही देने पर लगेगा जुर्माना

रायपुर : राजधानी रायपुर में अब शादी-ब्याह, बर्थडे पार्टी या फिर कोई आयोजन करना सिर्फ रिश्तेदारों को फोन करने भर से नहीं चलेगा। अगर आपके आयोजन में 100 से अधिक मेहमान आ रहे है, ता आपको सबसे पहले नगर निगम को इसकी सूचना देनी होगी। वरना आपकी खुशियों पर जुर्माना लगना तय है। दरअसल रायपुर नगर निगम ने एक अप्रैल से नई सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट पॉलिसी लागू की है।

इसके तहत अगर किसी आयोजन में 100 से ज्यादा मेहमान बुलाये जाते हैं, तो आयोजक को तीन दिन पहले ही नगर निगम या नगर पालिका को इसकी लिखित सूचना देनी होगी। यानी अब बारात से पहले सूचना और केक काटने से पहले अनुमति नियम का तर्क साफ है कि ज्यादा मेहमान मतलब ज्यादा कचरा, और ज्यादा कचरा मतलब जिम्मेदारी भी आपकी। लेकिन निगम के इस आदेश के बाद अब आम लोगों के बीच यह सवाल घूम रहा है कि क्या अब शादी के कार्ड के साथ निगम सूचना पत्र भी छपवाना पड़ेगा ?

इधर निगम के इस फैसले को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने इसे तुगलकी फरमान करार दिया है। उनका कहना है कि सरकार खुशियों पर भी नियमों का पहरा बैठा रही है।  बिना सूचना ज्यादा मेहमान बुलाने पर जुर्माना और कचरे का ठीकरा आयोजकों के सिर फोड़ना पूरी तरह अव्यवहारिक है। अब देखना दिलचस्प होगा कि लोग शादी की प्लानिंग में कैटरर और डेकोरेटर के साथ-साथ निगम सूचना विशेषज्ञ भी जोड़ते हैं या नहीं। फिलहाल इतना तय है कि छत्तीसगढ़ में अब खुशियों का मैनेजमेंट भी सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के दायरे में आ चुका है।

What's your reaction?

Related Posts

1 of 57