मुंबई : कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘Toxic: A Fairy Tale For Grown-Ups’ का टीजर रिलीज कर दिया गया है। यश के जन्मदिन के मौके पर मेकर्स ने उनके किरदार का नाम भी उजागर कर दिया है। फिल्म में यश का नाम ‘राया (Raya)’ होगा। KVN Productions ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर करीब 3 मिनट का टीजर साझा करते हुए लिखा,
अपने खतरे को गौर से देखिए- पेश है राया। टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स, 19 मार्च 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में।
कब्रिस्तान से शुरू होता है टीजर
टीजर की शुरुआत एक कब्रिस्तान के सीन से होती है, जहां एक गैंगस्टर अपने गिरोह के साथ अपने बच्चे का अंतिम संस्कार कर रहा होता है। माहौल में सन्नाटा होता है, तभी वहां एक लग्जरी कार आकर रुकती है। कार से उतरते ही यश का किरदार राया कब्रिस्तान में मौजूद लोगों पर गोलियों की बौछार कर देता है। इस सीन में यश का खतरनाक और दमदार अवतार देखने को मिलता है।
स्टारकास्ट भी दमदार
फिल्म में कई बड़े कलाकार नजर आएंगे। जिसमें कियारा आडवाणी नादिया, हुमा कुरैशी एलिजाबेथ, नयनतारा गंगा, रुक्मिणी वसंत मेलिसा के किरदार में नज़र आएंगे।
पहले भी दिखी थी यश की झलक
इससे पहले जारी टीजर में यश को सफेद सूट, हैट और सिगार के साथ एक लग्जरी कार से उतरते हुए दिखाया गया था। बार सीन में उनका स्टाइल और स्वैग फैंस को खूब पसंद आया था।
रिलीज डेट और टक्कर
फिल्म 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसी दिन आदित्य धर की ‘धुरंधर 2’ भी रिलीज होने वाली है, जिससे बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त टक्कर देखने को मिलेगी। गौरतलब है कि ‘टॉक्सिक’, यश की KGF: Chapter 2 (2022) के बाद पहली फिल्म है। इस वजह से फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।





















