गोरखपुर/देवरिया : भारतीय रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाली एक बड़ी घटना सामने आई है। अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस में सफर कर रही एक एनसीसी (NCC) कैडेट युवती के साथ ट्रेन के टीटीई (TTE) द्वारा दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगा है। इस घटना के बाद रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया है। आरोपी टीटीई राहुल कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है और वह फिलहाल फरार है।
इस बहाने केबिन में बुलाया
जानकारी के अनुसार, पीड़िता मऊ से एनसीसी की ‘सी’ सर्टिफिकेट परीक्षा देकर गोरखपुर लौट रही थी। ट्रेन में भारी भीड़ होने के कारण वह टिकट नहीं ले पाई थी। आरोप है कि टिकट चेकिंग के दौरान टीटीई राहुल कुमार ने उसे बिना टिकट पकड़ा और मदद का भरोसा दिया। उसने युवती को सीट दिलाने के बहाने एसी फर्स्ट क्लास के एक खाली केबिन में बुलाया। पीड़िता का आरोप है कि केबिन में ले जाने के बाद आरोपी ने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने उसे जेल भेजने और करियर बर्बाद करने की धमकी दी।
फरार हुआ आरोपी
युवती ने हिम्मत दिखाते हुए डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। जैसे ही ट्रेन देवरिया स्टेशन पहुंची, पुलिस की भनक लगते ही आरोपी टीटीई राहुल कुमार ट्रेन से उतरकर फरार हो गया। गोरखपुर पहुंचने पर पीड़िता ने जीआरपी (GRP) थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद मामले को देवरिया जीआरपी ट्रांसफर किया गया है। रेलवे प्रशासन ने आरोपी टीटीई को सेवा से तत्काल निलंबित कर दिया है। इनाम: पुलिस ने फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 10,000 रुपये का इनाम घोषित किया है।
पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और आरोपी की तलाश में बिहार और उत्तर प्रदेश के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बिना टिकट यात्रा करने पर जुर्माना वसूलने का नियम है, लेकिन किसी यात्री को केबिन में ले जाना पूरी तरह अवैध और आपराधिक कृत्य है।






















