गुजरात : नर्मदा क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पति-पत्नी के बीच हुआ मामूली विवाद खौफनाक हत्याकांड में बदल गया। मध्य प्रदेश के अलीराजपुर जिले के रहने वाले 24 वर्षीय अरविंद नायक और उनकी 32 वर्षीय पत्नी रेखा नायक गुजरात के तिलकवाड़ा तालुका के तेड़िया साहिबपुरा इलाके में मजदूरी कर रहे थे और छत निर्माण का काम कर जीवन यापन कर रहे थे। घटना की रात दोनों सब्जी लेकर लौट रहे थे, तभी हनुमंतेश्वर मंदिर के पीछे हेरण नदी के पास किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई।
पहले मामूली कहासुनी हुई, लेकिन धीरे-धीरे विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों का गुस्सा काबू से बाहर हो गया। इसी दौरान अरविंद ने गुस्से में आकर रेखा को थप्पड़ मार दिया, जिससे स्थिति और भड़क गई और आवेश में आकर रेखा ने पास पड़ा भारी पत्थर उठाकर पति के सिर पर जोरदार वार कर दिया। वार इतना घातक था कि अरविंद मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा और समय पर इलाज न मिलने के कारण उसकी मौत हो गई। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि घटना के बाद रेखा मौके से भागी नहीं, बल्कि पूरी रात अपने पति की लाश के पास बैठी रही।
सुबह जब स्थानीय लोगों ने यह मंजर देखा तो इलाके में सनसनी फैल गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि आखिर किन हालातों में एक मामूली झगड़ा इतनी बड़ी त्रासदी में बदल गया।






















