नई दिल्ली : सिंगर ज़ुबिन गर्ग की मौत के रहस्य ने राज्य पुलिस और जांच एजेंसियों को लगातार उलझा रखा है। बुधवार को इस केस में बड़ा मोड़ आया, जब ज़ुबिन के चचेरे भाई और असम पुलिस के अधिकारी DSP संदीपन गर्ग को गिरफ्तार कर लिया गया। विशेष जांच दल (SIT) ने उन्हें बुधवार सुबह पूछताछ के लिए सीआईडी मुख्यालय गुवाहाटी बुलाया था। कई घंटे चली पूछताछ के बाद SIT ने पाया कि संदीपन के बयानों और घटनास्थल के सबूतों में विरोधाभास है, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।
SIT प्रमुख और स्पेशल डीजीपी एम.पी. गुप्ता ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया,
“ज़ुबिन गर्ग की मौत के मामले में संदीपन गर्ग से कई दिनों से पूछताछ चल रही थी। आज सुबह उन्हें गिरफ्तार किया गया है। आगे की जांच में उनके खिलाफ और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।”
सिंगापुर में हुई थी रहस्यमयी मौत
19 सितंबर को ज़ुबिन गर्ग की मौत सिंगापुर में हुई थी। वे वहां नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल में भाग लेने गए थे। रिपोर्ट्स के अनुसार, मौत से पहले ज़ुबिन अपने चचेरे भाई संदीपन गर्ग और कुछ सहयोगियों के साथ बीच पर सैर के लिए निकले थे। सिंगापुर की मेडिकल रिपोर्ट में मौत का कारण पानी में डूबना बताया गया है, लेकिन परिवार और प्रशंसकों का मानना है कि यह एक सामान्य हादसा नहीं था। उनकी मौत के बाद कई तरह के सवाल उठे — क्या यह दुर्घटना थी, या किसी साजिश का हिस्सा?
अब तक पांच गिरफ्तारियां, SIT की जांच तेज़
इस मामले में अब तक कुल पांच लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इसमें इवेंट आयोजक श्यामकानु महंत, ज़ुबिन के मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा, दो बैंड सदस्य शेखर ज्योति गोस्वामी और अमृत प्रभा महंत, और अब उनके चचेरे भाई DSP संदीपन गर्ग शामिल हैं।SIT ने बताया कि अब तक 60 से अधिक गवाहों के बयान दर्ज किए गए हैं, और सिंगापुर से प्राप्त दस्तावेज़ों की फॉरेंसिक जांच की जा रही है। वहीं, गुवाहाटी में ज़ुबिन के दूसरे पोस्टमॉर्टम और विसरा रिपोर्ट का इंतजार है।
वित्तीय लेनदेन पर भी जांच की आंच
इस केस में नया मोड़ तब आया जब मंगलवार को ज़ुबिन के दो निजी सुरक्षा अधिकारियों (PSO) को निलंबित कर दिया गया। जांच में उनके बैंक खातों में एक करोड़ रुपये से अधिक के संदिग्ध लेनदेन का खुलासा हुआ है।मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने मामले के वित्तीय पहलुओं की जांच के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ED) और आयकर विभाग को जांच सौंपने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि,
“यह केवल एक हादसा नहीं, बल्कि इसमें कई वित्तीय और आपराधिक पहलू जुड़े हो सकते हैं। इसलिए जांच को बहुआयामी तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है।”
गहराता जा रहा है रहस्य
जुबिन गर्ग की मौत को लेकर लगातार नए तथ्य सामने आ रहे हैं। SIT को याट से लिए गए वीडियो, मोबाइल फुटेज और बैंक ट्रांजेक्शन जैसे कई महत्वपूर्ण डिजिटल सबूत मिले हैं। सूत्रों का कहना है कि इन सबूतों से यह साफ होता है कि मौत से पहले गायक के साथ विवाद हुआ था और कुछ लोगों ने पूरे घटनाक्रम को छिपाने की कोशिश की।






















