बिलासपुरः छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों को एक बार फिर बड़ा झटका लगने वाला है। साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे (SECR) ने आगामी 7 से 19 जून 2026 तक बड़ी संख्या में ट्रेनों को रद्द, डायवर्ट और आंशिक रूप से निरस्त करने का फैसला लिया है। रेलवे प्रशासन के अनुसार चांपा-जांजगीर नैला सेक्शन में चौथी रेल लाइन कनेक्टिविटी के लिए ऑटो सिग्नलिंग एवं नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य किया जाएगा, जिसके चलते यह निर्णय लिया गया है। रेलवे द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक इस अवधि में 66 एक्सप्रेस और 13 मेमू/लोकल ट्रेनें रद्द रहेंगी।
वहीं 8 ट्रेनें परिवर्तित मार्ग से चलेंगी तथा 7 ट्रेनों को गंतव्य से पहले समाप्त किया जाएगा। इसके अलावा 5 प्रमुख ट्रेनें निर्धारित समय से देरी से रवाना होंगी और कुछ ट्रेनों को पैसेंजर बनाकर चलाया जाएगा। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि बिलासपुर-झारसुगुड़ा के बीच 206 किलोमीटर लंबी चौथी रेल लाइन परियोजना पर कार्य जारी है, जिसमें अब तक 180 किलोमीटर से अधिक लाइन बिछाने का कार्य पूरा हो चुका है। इसी परियोजना के तहत चांपा स्टेशन में चौथी लाइन को जोड़ने का कार्य किया जाएगा।