बिलाईगढ़ 14 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले से एक हृदयविदारक हादसे की खबर सामने आई है। भटगांव थाना क्षेत्र के मधुबनकला गांव में शनिवार शाम एक निर्माणाधीन मकान का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया, जिसके नीचे दबने से मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक और स्तब्धता का माहौल है। जानकारी के अनुसार, यह हादसा शनिवार शाम करीब 4 बजे ग्राम पंचायत गिरवानी के आश्रित ग्राम मधुबनकला में हुआ।
बताया जा रहा है कि मां और बेटा अपने घर के आंगन में छज्जे के नीचे बैठकर आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान अचानक निर्माणाधीन छज्जा टूटकर उन पर गिर पड़ा। छज्जा गिरते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत मलबा हटाने की कोशिश की, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान श्याम सुंदर बंजारे और उनकी मां ननकी भूरी बंजारे के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही भटगांव पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के संबंध में भटगांव थाना प्रभारी शिवकुमार धारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में निर्माण संबंधी खामियां सामने आई हैं। उनके अनुसार, मृतक श्याम सुंदर के घर के सामने लगभग छह महीने पहले छज्जा बनाया गया था। छज्जे के निर्माण में एक छोटा बीम लगाया गया था, लेकिन पीछे की ओर पर्याप्त सपोर्ट नहीं दिया गया था। इसके अलावा छज्जे की दीवार से भी कोई मजबूत कनेक्टिविटी नहीं थी। इन तकनीकी कमियों के कारण छज्जा अस्थिर हो गया और अचानक गिर गया।
पुलिस का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं, इस पहलू की भी जांच की जा रही है। साथ ही, यह भी देखा जा रहा है कि निर्माण कार्य किसी प्रशिक्षित मिस्त्री या इंजीनियर की देखरेख में हुआ था या नहीं। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए निर्माण कार्यों में सावधानी और सुरक्षा मानकों के सख्ती से पालन की मांग की है।
















