बस्तर : बस्तर में अंधविश्वास के चलते एक व्यक्ति की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि जादू-टोना के शक में दो सगे भाइयों ने गांव में रहने वाले ग्रामीण पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना की जानकारी के बाद पुलिस ने इस घटना पर अपराध दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक हत्या की ये वारदात दरभा थाना क्षेत्र के पखनार गांव की है।
पुलिस के मुताबिक घटना 30 अप्रैल की दोपहर की है। मृतक मंगलू मंडावी अपने घर के पास बैठा था। तभी गांव के ही आयतु मड़कामी और सुखराम मड़कामी वहां पहुंचे। दोनों शराब के नशे में धुत्त थे और उन्होंने मंगलू पर जादू-टोना करने का आरोप लगाते हुए उससे विवाद शुरू कर दिया। विवाद के दौरान आयतु मड़कामी ने चाकू से मंगलू पर हमला किया। इसके बाद सुखराम मड़कामी ने भी उस जानलेवा हमला कर दिया।
जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने इलाके में तलाशी अभियान चलाकर 1 मई को दोनों भाईयों को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों आरोपी भाईयों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।





















