Janjgir - Champa

CG Breaking News : सब इंस्पेक्टर निलंबित FIR दर्ज न करने व समझौते का दबाव बनाने का आरोप, एसपी ने की कार्रवाई …

जांजगीर-चांपा : जिले में पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है, जहां मारपीट की शिकायत पर विधि अनुसार कार्रवाई नहीं करने के आरोप में एक उप निरीक्षक (SI) को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देश पर तत्काल प्रभाव से की गई है। मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला 27 मार्च 2026 की रात का है। ग्राम रोगदा निवासी प्रकाश नैरोसे मारपीट की शिकायत लेकर संबंधित थाने पहुंचे थे।

आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात उप निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू ने शिकायत मिलने के बावजूद प्राथमिकी (FIR) दर्ज नहीं की। इसके बजाय उन्होंने दोनों पक्षों को थाने में बुलाकर आपसी समझौता कराने का प्रयास किया। शिकायतकर्ता ने इस प्रक्रिया का विरोध करते हुए मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी। इसके बाद जब प्रारंभिक जांच की गई, तो यह सामने आया कि संबंधित अधिकारी ने पुलिस नियमों और निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया।

कानून के अनुसार किसी भी संज्ञेय अपराध में शिकायत मिलने पर FIR दर्ज करना अनिवार्य होता है, लेकिन इस मामले में ऐसा नहीं किया गया। इतना ही नहीं, दोनों पक्षों पर थाने में ही समझौते का दबाव बनाने के आरोप को भी गंभीरता से लिया गया। पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने इसे अनुशासनहीनता और कर्तव्य में लापरवाही मानते हुए सख्त कदम उठाया। इसी के तहत एसपी विजय कुमार पांडेय ने उप निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू को निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया।

जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निलंबन अवधि के दौरान संबंधित अधिकारी को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा। साथ ही, पूरे मामले की विस्तृत जांच के लिए एक जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है, जिसे सात दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

What's your reaction?

Related Posts

1 of 10