रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक पति ने पहले अपनी पत्नी की हत्या की और फिर खुद भी ट्रेन से कटकर जान दे दी। खम्हारडीह थाना क्षेत्र में हुई इस दोहरी मौत ने पूरे इलाके को दहला दिया है। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें आरोपी ने लिखा है कि वह अपनी पत्नी और बच्चों के बिना नहीं जी सकता, इसलिए आत्महत्या कर रहा है।
मृतक की पहचान राजेंद्र गुप्ता के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला था और रायपुर के चंडी नगर में किराये पर रहकर वेल्डिंग का काम करता था। उसकी पत्नी रेखा गुप्ता की हत्या घर में ही की गई, जबकि राजेंद्र गुप्ता ने लभांडी रेलवे लाइन पर ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन सीएसपी रमाकांत साहू, तेलीबांधा और खम्हारडीह थाना पुलिस मौके पर पहुँची।
घर की तलाशी के दौरान पुलिस को जो सुसाइड नोट मिला उसमें मृतक ने साफ लिखा “मैं अपनी बीवी-बच्चों के बिना नहीं रह सकता। हमारी मौत के बाद बच्चों को मेरे परिवार को सौंप दिया जाए।” राजेंद्र के दो छोटे बच्चे हैं, जिनके भविष्य को लेकर परिवार में चिंता का माहौल है। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।






















