जबलपुर : मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में 30 अप्रैल को हुए क्रूज हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। क्रूज हादसे के बाद लगातार तीन दिनों से दिन-रात रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है, लेकिन मौतों का आंकड़ा थमने का नाम नहीं ले रहा है। घटनास्थल से एक-एक करके ऐसे मंजर सामने आ रहे हैं जिन्होंने पूरे देश को रुला कर रख दिया है। कल लापता 5 वर्षीय मासूम विराज के साथ ही एक और बच्चे का शव मिला था, तो आज इसी कड़ी में एक और दुखद खबर सामने आई है , जिसे मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हो चुकी है।
वर्षीय मयूरन और कामराज का शव बरामद
रेस्क्यू टीम को आज पहले 9 वर्षीय मयूरन का शव बरामद हुआ है। इसके बाद लापता कामराज की तलाश जारी थी। रेस्क्यू टीम को सर्च ऑपरेशन के दौरान कामराज का भी शव बरामद हो गया है। इन दोनों शव के मिलने के बाद अब इस हादसे में मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 13 हो गई है। हादसे में अब तक जान गंवाने वालों में 8 महिलाएं , 4 बच्चे और एक पुरुष शामिल हैं। गौरतलब है कि 30 अप्रैल को तेज आंधी और हवाओं के चलते बरगी बांध में क्रूज अनियंत्रित होकर डूब गया था।
सर्च ऑपरेशन अब भी जारी
हादसे के बाद से ही बचाव दल बांध में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहा है। वर्तमान में रेस्क्यू टीम पूरी तत्परता के साथ काम कर रही है और बांध क्षेत्र में सघन सर्चिंग जारी है,प्रशासन और एनडीआरएफ (NDRF) की टीमें दिन-रात रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई हैं, ताकि और लापता व्यक्ति को ढूंढा जा सके। इस हादसे ने पूरे जबलपुर को गहरे सदमे में डाल दिया है।





















