रायपुर: शहर काजी के खिलाफ मिली शिकायत पर राज्य वक़्फ़ बोर्ड ने गंभीरता दिखाई है। बोर्ड के प्रमुख सलीम राज ने आरोपी काजी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें सर्वसम्मति से पद से बर्खास्त कर दिया है। उनपर लगे आरोप बेहद शर्मनाक है। बहरहाल बर्खास्तगी का आदेश जारी कर दिया गया है।
क्या थे रायपुर काजी पर आरोप?
रायपुर शहर काजी आरिफ फारूकी पर इल्जाम था कि, वह महिलाओं को फोन करते थे और फिर उनसे अश्लील बातचीत किया करते थे। इसकी शिकायत पीड़िता ने कुछ समय पहले वक़्फ़ बोर्ड से की थी। शिकायत की जांच की गई और इसकी पुष्टि होने के बाद वक़्फ़ बोर्ड ने समाज प्रमुखों की बैठक आहूत की। इस बैठक में सर्वसम्मति से शहर काजी आरिफ अली फारूकी को पद से बर्खास्त करने का फैसला सुनाया गया। इस कार्रवाई की जानकारी खुद बोर्ड के प्रमुख सलीम राज ने दी है।
बोर्ड का आदेश भी जारी
इस बारें में वक़्फ़ बोर्ड द्वारा लिखित आदेश भी जारी किया गया है। इसमें लिखा गया है कि, “एक दरख्वास्त में मदरसा इस्लाहुल मुस्लिमीन यतीमखाना, बैजनाथपारा रायपुर के शहर काजी आरिफ अली फारूकी के विरुद्ध शिकायत की गई कि उनके द्वारा महिला से रात को 1 बजे अश्लील हरकत की गई है जिससे रायपुर शहर के मुस्लिम समाज एवं उलेमा दीन समाज में रोष व्याप्त है।

उक्त अनैतिक कृत्य के विरुद्ध रायपुर शहर काजी के पद से तत्काल हटाये जाने की मांग की गई जिस पर कार्यवाही करते हुए रायपुर शहर के उलेमा दीन व आइम्माये इकराम श्री कारी ईमरान, अब्दुल रज्जाक, जहीर रहबर, आबाद अली, अशरफ अली व अन्य द्वारा दिनांक 31.03.2026 को बैठक आयोजित कर उक्त अनैतिक कृत्य को संज्ञान में लेते हुए सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर आरिफ अली फारूकी को रायपुर शहर काजी के पद से हटाया दिया गया है।”
कौन होता हैं काज़ी और क्या होती है जिम्मेदारी?
काज़ी मुस्लिम समाज में एक धार्मिक न्यायाधीश की तरह होता है, जो शरीयत के अनुसार लोगों के व्यक्तिगत और सामाजिक मामलों में मार्गदर्शन देता है। उसकी मुख्य जिम्मेदारियों में निकाह कराना, शादी-तलाक और विरासत से जुड़े विवादों का समाधान करना, धार्मिक सलाह देना और निकाहनामा जैसे दस्तावेज़ों को प्रमाणित करना शामिल होता है। आज के समय में भारत जैसे देशों में काज़ी की भूमिका अधिकतर धार्मिक और सामाजिक स्तर तक सीमित है, जबकि कानूनी फैसले अदालतों द्वारा किए जाते हैं, फिर भी मुस्लिम समाज में निकाह और अन्य धार्मिक कार्यों में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका बनी रहती है।






















