Koriya

CG News : पोस्ट मैट्रिक छात्रावास में छात्र की मौत मामले में सनसनीखेज आरोप, खेल राशि निकालने के दबाव का आरोप

कोरिया : छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में स्थित पोस्ट मैट्रिक छात्रावास में एक छात्र की मौत का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। मृतक छात्र की पहचान सुरेश सिंह के रूप में हुई है। छात्रावास में फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि घटना के पीछे की असली वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।मामले को लेकर परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि छात्रावास प्रबंधन की ओर से सुरेश पर फुटबॉल प्रतियोगिता में जीती गई राशि बैंक से निकालने का दबाव बनाया जा रहा था। इसी तनाव के कारण उसने यह कदम उठाया।

पिता से रोते हुए घर ले जाने की लगाई गुहार

परिजनों के अनुसार आत्महत्या से पहले सुरेश सिंह ने अपने पिता से फोन पर बात की थी। बातचीत के दौरान वह काफी परेशान था और रोते हुए पिता से उसे घर ले जाने की गुहार लगा रहा था। पिता ने उसे समझाते हुए कहा कि वे सुबह उसे लेने आ जाएंगे।लेकिन सुबह होने से पहले ही परिवार को बेटे की मौत की खबर मिल गई। इस घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है और छात्रावास की व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

फुटबॉल प्रतियोगिता की राशि को लेकर विवाद

परिवार का आरोप है कि सुरेश सिंह पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों और छात्र हित के मुद्दों में भी सक्रिय रहता था। हाल ही में एक फुटबॉल प्रतियोगिता में टीम ने जीत हासिल की थी, जिसमें करीब एक लाख रुपये की राशि पुरस्कार के रूप में मिली थी।परिजनों के मुताबिक छात्रावास अधीक्षक और एक कर्मचारी सुरेश पर इस राशि को बैंक से निकालने का दबाव बना रहे थे। जबकि सुरेश का कहना था कि यह पैसा पूरी टीम के खिलाड़ियों के लिए खेल सामग्री खरीदने में खर्च किया जाना चाहिए। इसी कारण वह पैसे निकालने का विरोध कर रहा था।

छात्र हितों के मुद्दे उठाने पर नाराजगी का आरोप

परिवार का यह भी कहना है कि सुरेश छात्रावास में रहने वाले छात्रों की समस्याओं को लेकर अक्सर आवाज उठाता था। कुछ समय पहले वह छात्रावास की अव्यवस्थाओं की शिकायत लेकर कलेक्ट्रेट भी गया था। आरोप है कि इस बात की जानकारी मिलने के बाद छात्रावास अधीक्षक नाराज हो गए थे। परिजनों का दावा है कि अधीक्षक ने ज्यादा बोलने वाले छात्रों की सूची बनाकर उन्हें फेल कराने तक की धमकी दी थी।

प्रशासन ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही सोनहत के एसडीएम अनसुल वर्मा छात्रावास पहुंचे और वहां मौजूद अन्य छात्रों से अलग-अलग पूछताछ की। अधिकारियों ने कई घंटों तक छात्रों से बातचीत कर घटना की जानकारी जुटाने की कोशिश की।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार होली की छुट्टियों के बाद जब सुरेश घर से लौटकर छात्रावास आया था, तब से वह कुछ गुमसुम रहने लगा था। हालांकि प्रशासन का कहना है कि मामला काफी संवेदनशील है और जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।

निष्पक्ष जांच की मांग

इस मामले पर सांसद प्रतिनिधि अविनाश पाठक ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि आदिवासी बहुल राज्य में एक आदिवासी छात्र की छात्रावास में आत्महत्या की घटना बेहद गंभीर है और इसकी सूक्ष्म तथा निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहे हैं ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।

What's your reaction?

Related Posts