Koriya

CG Crime : बर्थडे बॉय ने आरोपी के पिता को बताई लोकेशन, गुस्से में सूमो से रौंदकर कर दी हत्या

कोरिया : छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के रनई गांव में 15 वर्षीय नाबालिग रितेश सिंह की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। यह घटना 4 जनवरी 2026 की रात करीब 8 बजे से 9:30 बजे के बीच की बताई जा रही है। पुलिस जांच में सामने आया है कि रितेश अपने जन्मदिन के मौके पर दोस्तों के साथ बैकुंठपुर स्थित झुमका डेम गया था, जहां सभी दोस्तों ने पार्टी के दौरान शराब का सेवन किया।

मृतक रितेश सिंह, पिता श्यामलाल, रनई गांव का निवासी था और नाबालिग होने के बावजूद दोस्तों के साथ बाहर गया हुआ था। पुलिस के अनुसार, झुमका डेम से लौटते समय सभी दोस्त पटना क्षेत्र पहुंचे। यहां आरोपी विद्याचंद्र साहू ने एक बार फिर शराब खरीदी और पी। इसी दौरान रितेश ने आरोपी का मोबाइल फोन उठाकर उसके पिता को यह जानकारी दे दी कि वह पटना में है और शराब पी रहा है।

इस बात से आरोपी विद्याचंद्र साहू बेहद नाराज हो गया। दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो धीरे-धीरे विवाद में बदल गई। गुस्से में आकर रितेश पैदल ही अपने घर की ओर निकल पड़ा। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने जानबूझकर अपने वाहन को बाईं ओर मोड़ा और तेज रफ्तार में रितेश को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रितेश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि आरोपी वाहन लेकर आगे बढ़ गया।

घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य दोस्तों ने घायल रितेश को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई और इलाज शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान रितेश ने दम तोड़ दिया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि रितेश की मौत के बाद उसके साथ मौजूद चारों दोस्त अस्पताल में शव छोड़कर फरार हो गए, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। एसडीपीओ राजेश साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सभी पहलुओं की गहनता से जांच की। दोस्तों से पूछताछ, घटनास्थल का मुआयना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ी गईं। पूछताछ के दौरान आरोपी विद्याचंद्र साहू ने अपना जुर्म स्वीकार किया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ एसटी-एससी एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नाबालिग की मौत से जुड़े इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

What's your reaction?

Related Posts