बिलासपुर : कोटा थाना क्षेत्र में बुधवार शाम मौसम का बदला मिजाज तीन परिवारों के लिए मातम लेकर आया। अलग-अलग घटनाओं में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से तीन किसानों की मौत हो गई। इनमें लखोदना में दो साढ़ू भाइयों ने जान गंवाई, जबकि मानपुर में पेड़ के नीचे खड़े एक किसान की बिजली गिरने से मौत हो गई।
खेत में काम कर रहे थे दोनों साढ़ू भाई
पहली घटना ग्राम लखोदना की है। यहां रहने वाले मन्ना यादव (41) पिता माखन यादव अपने साढ़ू कुंजराम यादव (45) पिता गंगाराम यादव के साथ बुधवार शाम खेत में काम करने गए थे। कुंजराम यादव नवाडीह बेलगहना के रहने वाले थे, जबकि दोनों की ससुराल लखोदना में ही थी। शाम करीब 6 बजे अचानक मौसम बदल गया। देखते ही देखते आसमान में घने बादल छा गए और तेज गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई।
अचानक गिरी बिजली, खेत में ही बेहोश होकर गिरे
इसी दौरान तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली दोनों के पास आ गिरी। बिजली की चपेट में आने से मन्ना और कुंजराम गंभीर रूप से झुलस गए और खेत में ही अचेत होकर गिर पड़े। आसपास मौजूद ग्रामीणों की नजर दोनों पर पड़ी तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने वाहन की व्यवस्था कर दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटा पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मानपुर में पेड़ के नीचे खड़े किसान पर गिरी बिजली
इसी दौरान कोटा थाना क्षेत्र के मानपुर में भी आकाशीय बिजली ने एक किसान की जान ले ली। बताया जा रहा है कि जागेश्वर जगत बारिश के दौरान पेड़ के नीचे खड़े थे। अचानक पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से वे बुरी तरह झुलस गए और उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
एक ही शाम को कोटा क्षेत्र में आकाशीय बिजली से तीन किसानों की मौत के बाद इलाके में शोक का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और दोनों घटनाओं की जांच शुरू कर दी है।



























